तारापुर (बिहार) : श्रावणी मेले के अवसर पर बोल बम सेवा ट्रस्ट जमशेदपुर की ओर से रविवार को तारापुर में निःशुल्क सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया. शिविर का उद्घाटन बाबा भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जिसके बाद सुबह 9 बजे से कांवड़ियों के लिए भंडारे का संचालन शुरू किया गया. यह शिविर उन शिवभक्तों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, जो सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर पैदल देवघर की यात्रा पर निकलते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

यात्रा मार्ग में यह कांवड़ियों को मिलने वाला पहला प्रमुख सेवा शिविर है. शिविर में श्रद्धालुओं के लिए चाय, नींबू पानी, सत्तू का शरबत, फल, साबूदाने की खीर, पूरी-सब्जी, दाल-भात सहित शुद्ध सात्विक एवं निःशुल्क भोजन की व्यवस्था की गई है. सभी भक्तों को व्यवस्थित ढंग से बैठाकर भोजन कराया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

शिविर के समीप ही मुंगेर जिला प्रशासन, पर्यटन सूचना केंद्र तथा स्वास्थ्य विभाग के शिविर भी संचालित हो रहे हैं, जिससे कांवड़ियों को आवश्यक प्रशासनिक, स्वास्थ्य एवं अन्य सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं. बोल बम सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि श्रावणी मेले के दौरान शिविर लगातार संचालित रहेगा और देवघर जाने वाले शिवभक्तों की सेवा पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ की जाएगी.




