जमशेदपुर : टाटा स्टील के सहयोग से संचालित मेहरबाई टाटा मेमोरियल अस्पताल (एमटीएमएच) के कर्मचारियों का बोनस समझौता शनिवार को हुआ. इस साल का यह पहला बोनस समझौता हुआ है. बोनस समझौता को लेकर लगातार वार्ता करने के बाद शनिवार को बोनस समझौता पर हस्ताक्षर किया गया. जमशेदपुर शहर में हर साल मजदूर नेता और इंटक के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय की अध्यक्षता में बोनस समझौता पहला होता है. इस ट्रेंड को राकेश्वर पांडेय ने बरकार रखा है. इसके तहत कर्मचारियों को इस साल एमटीएमएच में 19 फीसदी बोनस मिलेगा. एक सप्ताह में कर्मचारियों को बोनस की राशि उनके एकाउंट में भेज दी जायेगी. इसके तहत अधिकतम बोनस 80 हजार रुपये और न्यूनतम बोनस 46 हजार रुपये मिलेगा. पिछले साल कर्मचारियों को अधिकतम 76500 रुपये और न्यूनतम 39500 रुपये बोनस मिला था. इसके अलावा जो समझौता 31 अगस्त को पिछले साल हुआ था, उसको ही लागू कर दिया गया है. बोनस समझौता पर मैनेजमेंट की ओर से एमटीएम अस्पताल की निदेशक डॉ सुजाता मित्रा, हेड एडमिनिस्ट्रेशन बीपी सिंह, एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर अमिताभ चटर्जी, सीनियर एकाउंट ऑफिसर कमल अग्रवाल, यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, महासचिव बीके डिंडा, उपाध्यक्ष आरके दास, सचिव पी गिरीश्वर राव, कमेटी मेंबर असीफ इमरान, कमेटी मेंबर एम प्रशांत राव ने किया.




