जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी अंतर्गत कांदरबेड़ा-डोबो मार्ग पर बुधवार सुबह 5:30 एक भीषण सड़क हादसे में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गयी. मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रोशन सिंह के रूप में हुई है, जो जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित सुखिया बस्ती का निवासी था. बताया जा रहा है कि रोशन सिंह हाईवा लेकर जमशेदपुर से चांडिल की ओर जा रहा था. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी. (नीचे भी पढे़ं)

टक्कर इतनी भीषण थी कि हाईवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक रोशन सिंह केबिन में बुरी तरह फंस गया. दुर्घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया. हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. वहीं ट्रक चालक अमित यादव इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है. घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है.



