सरायकेला : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में गुरुवार को गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई. तमोलिया केला गोदाम के पास हिस्ट्रीशीटर अपराधी जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन ने काना बाबू नामक युवक पर फायरिंग कर दी. राहत की बात यह रही कि गोली उसके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे उसकी जान बच गई. घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, जबकि पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. जानकारी के अनुसार, कपाली ओपी क्षेत्र के तमोलिया केला गोदाम के समीप गुरुवार को काना बाबू पर गोली चलाई गई. गोली उसके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार जारी है. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन मौके से फरार हो गया. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश सहित अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा.






