जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे कपाली में करीब दो महीने पहले एक व्यक्ति को बेरहमी से जिंदा जलाकर मार दिया गया, लेकिन आज तक इस सनसनीखेज हत्याकांड में एक भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. शायद उसकी सबसे बड़ी गलती सिर्फ इतनी थी कि वह कोई बड़ा कारोबारी या रसूखदार परिवार से नहीं था, बल्कि चप्पल बेचकर अपने परिवार का पेट पालने वाला एक आम इंसान था.
26 मई को कपाली के फॉरेस्ट एरिया से एक जला हुआ शव बरामद हुआ था. बाद में उसकी पहचान गौस नगर निवासी मोहम्मद मुस्तकीम के रूप में हुई. मुस्तकीम 24 मई से लापता थे और दो दिन बाद उनका जला हुआ शव जंगल से मिला. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था. हैरानी की बात यह है कि दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है. (नीचे भी पढ़ें)
इस मामले में कपाली थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के समय यह मामला उनके प्रभार में नहीं था. अब उन्होंने जांच की जिम्मेदारी संभाल ली है और पुलिस लगातार मामले की पड़ताल कर रही है. उनके अनुसार जांच के दौरान कई अहम सुराग मिले हैं, लेकिन जांच प्रभावित होने की आशंका के कारण फिलहाल अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द गिरफ्तारी होगी और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. हालांकि सबसे बड़ा सवाल अब भी वही है आखिर यह जल्द कब आएगा? दो महीने से अधिक समय गुजर चुका है. यदि आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं, तो क्या वे समाज की सुरक्षा के लिए खतरा नहीं हैं. यह मामला सिर्फ एक परिवार को न्याय दिलाने का नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा से भी जुड़ा है. किसी भी हत्या के मामले में समय पर जांच और दोषियों की गिरफ्तारी लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी होती है. अब सभी की निगाहें कपाली पुलिस पर टिकी हैं कि उसका जल्द गिरफ्तारी का दावा कब हकीकत में बदलेगा और मोहम्मद मुस्तकीम के परिवार को आखिर कब न्याय मिलेगा.







