जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस एस टाइप कोयला टाल बस्ती में टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) द्वारा बिजली पानी की आपूर्ति बंद किए जाने के विरोध में बस्तीवासी टाटा कंपनी के खिलाफ गोलबंद हो गए. बस्तीवासियों के बुलावे पर विधायक सरयू राय की पार्टी भारतीय जनतंत्र मोर्चा (भाजमो) बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष दुर्गा राव, विधायक निजी सचिव सुधीर सिंह सहित अन्य नेता एस टाइप कोयला टाल बस्ती पहुंचे. बस्तीवासियों ने बताया कि टाटा कंपनी के द्वारा बस्ती के मुख्य आवागमन के रास्ते को बंद करते हुए बाउंड्रीवाल निर्माण करवाया जा रहा था, जिसका बस्तिवासियों ने विरोध किया और बाउंड्रीवाल गिरा दिया. बस्तीवासियों ने तर्क दिया कि बस्ती में 95 से भी अधिक घर अवस्थित है और ऐसे में बाउंड्रीवाल निर्माण से आवागमन का रास्ता पूरी तरह से बाधित हो गया था. (नीचे भी पढ़ें)
वैकल्पिक मार्ग के तौर पर जो रास्ता केरला स्कूल डनलप मैदान होकर कोयला टाल बस्ती जाने के लिए प्रदान किया गया. वह 3.5 किमो लंबा है जिससे बस्तीवासियों को अत्यंत कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था. बाउंड्रीवाल गिर जाने के बाद ही जुसको द्वारा बस्ती की पानी बिजली आपूर्ति बंद की गई जिससे बस्तीवासी काफी आक्रोशित हो गए. भाजमो नेताओं ने सभी परिस्थिति की जानकारी विधायक सरयू राय को दी. श्री राय ने टाटा स्टील के अधिकारियों से इस मामले के संबंध में बात की. श्री राय ने गुरुवार को बस्ती का दौरा कर कंपनी-बस्ती विवाद को हल करने के लिए सार्थक पहल करने की बात कही.











