जमशेदपुर : सीए छात्रों को औद्योगिक क्षेत्र का प्रत्यक्ष अनुभव दिलाने और उन्हें पेशेवर रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से सीआइसीएएसए जमशेदपुर की ओर से टाटा मोटर्स जमशेदपुर का इंडस्ट्रियल विजिट कराया गया. इस शैक्षणिक दौरे के माध्यम से छात्रों को देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनी की उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली, आपूर्ति शृंखला प्रबंधन और कॉर्पोरेट कार्य संस्कृति को नजदीक से देखने-समझने का अवसर मिला. छात्रों ने टाटा मोटर्स की आधुनिक तकनीकों, फैक्ट्री संचालन और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया, जिससे उन्हें अकादमिक ज्ञान के साथ-साथ प्रायोगिक अनुभव भी प्राप्त हुआ. (नीचे भी पढ़ें)

सीआइसीएएसए चेयरमैन चेतन अग्रवाल ने बताया कि यह इंडस्ट्रियल विजिट छात्रों के समग्र विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों को अपने करियर की बेहतर दिशा तय करने में मदद मिलती है. इस कार्यक्रम को सफल बनाने में आनंद अग्रवाल एवं एवीएम स्वाति अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा. विजिट में छात्रों का उत्साह देखते ही बनता था, और उन्होंने ऐसे आयोजनों की निरंतरता की मांग की.











