
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिस्टुपुर थाना अंतर्गत एक्सएलआरआई के पास मंगलवार की सुबह एक डंपर ने कार को टक्कर मार दी. इस टक्कर में कार सवार परिवार बाल-बाल बच गया. हालांकि इस घटना में कार एक तरफ से क्षतिग्रस्त हो गई है. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को जब्त कर थाने ले गई.

इस घटना में कार चालक संदीप पांडेय की पत्नी को हल्की चोट आई है. संदीप ने बताया कि वे अपनी पत्नी, मां और एक माह की बच्ची के साथ डॉक्टर के पास जा रहे थे. एक्सएलआरआई के पास एक डंपर ने ओवरटेक करने के प्रयास में कार में टक्कर मार दी. इस धक्के से उनकी कार पलटने से बच गई. मौके पर पहुंचे कांग्रेस नेता बंटी शर्मा और संतोष सिंह ने मिलकर घायलों को अस्पताल भेजवाया. ट्रेलर को भी पकड़कर पुलिस के हवाले करने में इन लोगों ने मदद की.





