
गुड़ाबांदा : गुड़ाबांदा प्रखंड के अर्जुनबेड़ा गांव में जेएसएलपीएस से संबद्ध 9 महिला समूहों की 11 महिलाओं के बीच कुल 220 बॉक्स मधुमक्खी एवं अन्य मधुमक्खी पालन संबंधी किट का वितरण जिला उद्यान विभाग द्वारा किया गया. गौरतलब है कि जिला उद्यान विभाग, पूर्वी सिंहभूम के द्वारा कृषकों की आय में वृद्धि हेतु मीठी क्रांति योजना संचालित किया जा रहा है जिसके तहत् अनुदानित दर पर मधुमक्खी एवं बॉक्स लाभार्थीयों को दिया जाता है ताकि किसान उक्त योजना का लाभ लेकर आजीविका एवं आय में वृद्धि कर सके. लाभुक महिला किसानों को कृषि विज्ञान केन्द्र, घाटशिला में मधुमक्खी पालन विषय पर एक सप्ताह के अंदर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा ताकि महिलाएं तकनीकी जानकारी प्राप्त कर सके. कार्यकम में ग्राम प्रधान शास्त्री महतो, जिला कार्यक्रम प्रबंधक(जेएसएलपीएस) जेवियर एक्का, प्रखंड के बी.पी.एम, उद्यान प्रसार कार्यकर्ता मुकेश कुमार समेत अन्य उपस्थित थे.




