
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने नव वर्ष के आगमन को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है. जमशेदपुर शहर में सड़कों पर होने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से यह निर्णय लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किया गया है. जिला प्रशासन के निर्देश के मुताबिक शुक्रवार यानी 31 दिसंबर की शाम 5:00 से रात 2:00 बजे तक भारी वाहनों का परिचालन पूर्णत: वर्जित रहेगा. इस दौरान बसों के परिचालन की छूट रहेगी. वहीं शनिवार यानी एक जनवरी-2022 को जमशेदपुर में सुबह 6:00 बजे से लेकर रात के 12:00 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा. हालांकि इस दौरान भी बसों के परिचालन की छूट रहेगी. गौरतलब है कि नव वर्ष के स्वागत के लिए शहर में जगह-जगह कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है. यह आयोजन 31 दिसंबर की शाम से रात 12 बजे के बाद तक चलता है. वहीं एक जनवरी को लोग अपने परिवार के साथ धार्मिक स्थलों, विभिन्न देवालय व पिकनिक स्थलों पर जाते हैं. इस दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो इसके मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से उक्त निर्णय लिया गया है.



