
टाटा कमिंस में कई सुविधाओं में कटौती की गयी
जमशेदपुर में टाटा मोटर्स के लिए इंजिन बनाने वाली कंपनी टाटा कमिंस ने मंदी और कोविड-19 के असर को देखते हुए कई कदम उठाये है. इसके तहत टाटा कमिंस में कर्मचारियों को मिलने वाले स्किल एलाउंस को बंद कर दिया गया है. मैनेजमेंट व यूनियन की हुई बैठक में इस एलाउंस को चला पाने में मैनजेमेंट ने असमर्थता जतायी है, जिसके आधार पर यह तय किया गया है कि एलाउंस को संचालित नहीं किया जा सकता है. इसी तरह टाटा कमिंस की ओर से यह भी तय किया गया है कि कमिंस में अधिकारियों और कर्मचारियों को जो प्रोमोशन और इंक्रीमेंट मिलता था, वह नहीं दिया जा सकता है. कंपनी के एमडी अश्वत राम ने सभी अधिकारियों को यह जानकारी दी है. वित्तीय स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाया गया है.
टाटा मोटर्स के अधिकारियों का तबादला
टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में पदस्थापित कुछेक पदाधिकारियों का तबादला कर दिया गया है. इसके तहत कंपनी के जीएम वेहिकल फैक्ट्री लाइन वन प्रदोश महंती को वेहिकल फैक्ट्री के हेड यानी लाइन 1, 2 व 3 का जीएम बना दिया गया है. जीएम फाउंड्री एक्सल शुभाशीष दास को जीएम इंजन डिवीजन बना दिया गया है. इसी तरह डॉ डीएस पद्म को डीजीएम फाउंड्री से प्रोमोशन देते हुए जीएम फाउंड्री बना दिया गया है. तत्काल प्रभाव से इसको लागू कर दिाय गया है. एक जुलाई से कंपनी में उत्पादन को बढ़ाने के लिए यह कदम उठा रही है.
टिमकेन यूनियन की वैद्यता के सवाल पर सुनवाई 6 जुलाई को
टिमकेन वर्कर्स यूनियन के दो गुटों के बीच चल रही शह-मात के खेल के बीच झारखंड हाईकोर्ट में इसको लेकर सुनवाई हुई है. इस सुनवाई में जस्टिस डॉ एसएन पाठक की अदालत ने गिरवरधारी गुट और विजय यादव गुट के बीच के विवाद की सुनवाई की और सभी पक्षों को सुनने के बाद यह तय किया है कि 6 जुलाई को फिर से इसकी सुनवाई की जायेगी.





