जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की डिस्ट्रिक्ट पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की सातवीं बैठक जमशेदपुर जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में परिसदन के कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित की गई. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) के पर्यवेक्षक राजेश तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष शशि भूषण राय उपस्थित रहे. बैठक में आगामी एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली की सफलता तथा जिले में इस अभियान को व्यापक जनांदोलन का स्वरूप देने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजेश तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव और मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम होना अत्यंत आवश्यक है. (नीचे भी पढ़ें)

कांग्रेस पार्टी का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, जिससे पात्र मतदाताओं के मतदान के अधिकार पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों द्वारा एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल महारैली आयोजित की जा रही है. श्री तिवारी ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे प्रखंड, मंडल, पंचायत और गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा. इसके लिए 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा. पूर्व सांसद डॉ प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में चौपाल, नुक्कड़ सभा तथा जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों को मताधिकार के महत्व और मतदाता सूची में नाम दर्ज रहने की आवश्यकता के प्रति जागरूक किया जाए. (नीचे भी पढ़ें)
पूर्व अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) को पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए हुए कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित नहीं रहें. जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि भाजपा द्वारा ज्ञानेश कुमार को बचाने का खेल की जा रही है. इसका जवाब जनता के बीच जाकर देना है. बैठक का संचालन संजय सिंह आजाद ने किया. बैठक में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह मुख्य अतिथि राजेश तिवारी, विशिष्ट अतिथि जिला प्रभारी शशि भूषण राय, पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ प्रदीप कुमार बालमुचू, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता एवं मेयर सुधा गुप्ता के प्रतिनिधि, पूर्व जिला अध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद, पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे, डॉ परितोष सिंह, ब्रजेंद्र तिवारी, संजय सिंह आजाद, शिवनाथ मार्डी, रियाजुद्दीन खान, सेवा दल के राजा सिंह राजपूत, महिला कांग्रेस नलिनी सिन्हा, युवा कांग्रेस नवनीत मिश्रा, आदिवासी कांग्रेस हेमेंद्र हंसदा, अनुसूचित जाति विभाग लखविंदर करूवा, ओबीसी विभाग सुरेंद्र शर्मा, चाकुलिया नगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, एनएसयुआई अध्यक्ष सचिन कुमार सिंह मुख्य रूप से शामिल हुए.





