
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष बैजू मुखी व जुगसलाई विधानसभा से पूर्व में कांग्रेस के टिकट से दो बार चुनाव लड़ चुके व पूर्व कांग्रेस नेता हरि मुखी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एसआरए रिजवी छब्बन के घर जाकर उनसे मुलाकात कर उनका कुशल क्षेम व स्वास्थ्य की जानकारी ली. ज्ञात हो कि श्री छब्बन लंबे समय से अस्वस्थ चल रहें है, ठीक से चल नहीं पा रहें हैं. बैजू मुखी ने कहा कि बहुत दुःख की बात है कि जो नेता अपने खून पसीने से पार्टी संगठन को लंबे वर्षों तक सींचने का कार्य किया व एक समय में पूरे कोल्हान में कांग्रेस को मजबूत करने का काम किया. आज वैसे नेता को देखने व उनका हालचाल जानने का भी समय जिले के संगठन के नेताओं के पास नहीं है. बैजू मुखी ने कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व हमेशा दलित व अल्पसंख्यकों को बराबर सम्मान देने की बात करती है मगर प्रदेश व जिले के संगठन में हमेशा दलित व अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव होता है, पार्टी संगठन में ना तो उचित सम्मान मिलता है और ना ही उनकी सुध ली जाती है. आज यही कारण है कि पार्टी से दलित व अल्पसंख्यक समुदाय दूर होते जा रहें हैं. हरि मुखी ने कहा कि वे श्री छब्बन के नेतृत्व में ही यूथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण किये थे. उनका (छब्बन) मार्गदर्शन हमेशा मुझे मिला. बैजू मुखी व हरि मुखी से मिलकर एसआरए रिजवी छब्बन ने नम आंखो से खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मेरा पूरा जीवन कांग्रेस पार्टी के लिए समर्पित है, संगठन के पूर्व के नेताओं से मिलने से मुझे बहुत खुशी होती है व अपने संघर्षों वाले दिन याद आ जाते हैं. एसआरए रिजवी छब्बन से मिलने वालों में बैजू मुखी, हरि मुखी के अलावे युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव आशीष मुखी, पूर्व कांग्रेस नेता देवराज मुखी व अन्य लोग शामिल थे.





