जमशेदपुर/चाकुलिया : कोरोना वायरस को लेकर जिला प्रशासन हर तरह से निपटने के लिये तैयारी कर रही है. उपायुक्त ने पत्र निर्गत कर चाकुलिया अंचलाधिकारी को निर्देश दिया है कि 20 मार्च से 14 अप्रैल तक बंगाल और झारखंड सीमा के बेंद गांव में अस्थायी टेंट (चेकनाका) लगाने की बात कही है. ताकि बंगाल से झारखंड आने जाने वाले लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा सके. इस कार्य के लिए उपायुक्त ने तीन शिफ्ट के लिए तीन दंडाधिकारी की नियुक्ति की है. पत्र के माध्यम से कहा है कि उक्त कैम्प में नियुक्त सरकारी कर्मियों को 19 मार्च को उपायुक्त कार्यालय में प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रशिक्षण प्राप्त कर 20 मार्च से कर्मी सड़क पर आने जाने वाले लोगों की स्वास्थ्य जांच करेंगे. उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर से बेंद गांव के पास बंगाल सीमा से सटे छोटा टेंट लगाने, कुर्सी, टेबल, पुलिस बल और थर्मल इस्केनर उपलब्ध कराने की बात कही गयी है. कैम्प में ए शिफ्ट में दंडाधिकारी के रूप में भी एलडब्ल्यू अभय सिंह, एनपीडब्ल्यू राजेन्द्र महतो, बी शिफ्ट में राजेश थामस लकड़ा, विकास कुमार गिरि और सी शिफ्ट में ललित शर्मा नियुक्त किये गये हैं.

दूसरी ओर, टेल्को एरिया में टाटा मोटर्स की ओर से कोरोना वायरस को लेकर आम लोगों के अलावा कर्मचारियों और उनके परिवार को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया गया है. इसके तहत टाउन एडमिनिस्ट्रेशन के हेड वीएन सिंह की देखरेख में घर-घर जाकर लोगों को बताया जा रहा है कि किस तरह कोरोना वायरस से बचा जा सकता है. टाटा मोटर्स की ओर से अपने एरिया के करीब 7353 मकानों में जाकर लोगों को बताया जा रहा है कि कोरोना वायरस को लेकर क्या करना है और क्या नहीं करना है. इसके लिए लोगों को जानकारी दी जा रही है. सभी के बीच पंपलेट का भी वितरण किया जा रहा है. टाटा मोटर्स ने भी एक हेल्पलाइन नंबर अपने सिक्यूरिटी कंट्रोल रूम का जारी किया है, जिसमें लोग संपर्क कर जानकारी दे सकते है. इसका नंबर 0657-6694444 है.

क्या करें-क्या ना करें :
1. प्रभावित इलाके की यात्रा नहीं करें
2. भीड़भाड़ वाले इलाके में जाने से बचे
3. हमेशा साबुन और पानी से हाथ धोते रहे
4. किसी को अगर खांसी या सर्दी है तो मास्क जरूर पहने
5. एक दूसरे से आदमी 1 मीटर की दूरी बनाकर रखे
6. अगर बुखार, कफ या ठंड लगे तो चिकित्सक से संपर्क करें
7. जो बाहर से आ रहे है, वे अपना हेल्थ चेकअप खुद से करा लें

कोरोना वायरस को लेकर इस शो रुम में अतिरिक्त व्यवस्था
जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित हेलेल्स गैलेक्सी के शो रुम में गाइडलाइन के मुताबिक कोरोना वायरस से बचाव के लिए व्यवस्था किया गया है. शो रुम के मालिक और कैट के राष्ट्रीय पदाधिकारी सुरेश सोंथालिया ने बताया कि कोरोना वाइरस से न घबरायें, इससे बचाव का उपाय करें. उन्होंने बताया कि हेलेल्स गैलेक्सी के बिष्टुपुर स्थित शो रुम में ग्राहकों पर कोरोना वायरस का इफ़ेक्ट न हो उसके लिए डेटोल और फिनायल से शोरूम का फ़र्श दिन में दो बार पोंछा जाता है तथा दरवाज़ा, हैंडल, ग्लास और रेलिंग भी पोंछा जाता है तथा ग्राहकों के लिए टीसू पेपर, सैनिटाइजर और हाथ धोने के लिए डेटोल लिक्विड सोप भी उपलब्ध है.















