
जमशेदपुर : कोल्हान के सबसे बड़े अस्पताल करप्सन और राजनीति के गठजोड़ का अड्डा बनता जा रहा है. यहां 14 मार्च को एक बच्चा की चोरी के मामले की शिकायत जमशेदपुर के उलीडीह थाना में की गयी थी. पुलिस ने बच्चा को भी जब्त कर लिया और उसको चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को सौंप दिया, लेकिन अब तक बच्चा चोरी करने की आरोपी महिला आराम से विचरण कर रही है. बुधवार को जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में उक्त महिला फिर से अस्पताल परिसर में घुमती हुई पायी गयी. वह वहां से जुड़े कर्मचारियों से बातचीत कर रही थी.
इस बीच जानकारी भाजपा की महिला नेता लकी सिंह को मिली. महिला नेता लकी सिंह दल बल के साथ वहां पहुंच गयी और उक्त महिला को अस्पताल में घुमते हुए पकड़ लिया. उसको खदेड़कर अस्पताल से निकालने की कोशिश की गयी. अस्पताल में पहले से तैनात होमगार्ड जवानों ने किसी तरह उक्त महिला को भीड़ से बचाया. भाजपा की महिला नेताओं का आरोप है कि कई बच्चों को एमजीएम अस्पताल से चोरी कर उक्त महिला ने बेचा है.
उलीडीह थाना में लिखित शिकायत के बावजूद जमशेदपुर पुलिस की ओर से किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गयी है, जिसका नतीजा है कि एक बार फिर से उक्त महिला घुम रही है. ऐसे में इस महिला से हमेशा डर बना हुआ है. वहीं, पकड़ी गयी महिला ने बच्चा चोरी की बात से साफ तौर पर इनकार किया है और कहा है कि साजिश के तहत उनको फंसाया जा रहा है. यह घरेलू विवाद का मसला है, जिसको जबरदस्ती तूल दिया जा रहा है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस संबंध में अब तक किसी तरह का एफआइआर दायर नहीं किया गया है.
आपको बता दें कि मानगो के उलीडीह की रहने वाली एक महिला को लोगों ने बच्चा चोरी करने के आरोप में पुलिस को हैंडओवर किया था. लोगों ने यह जानकारी पुलिस को दी थी कि एक बच्ची को एमजीएम अस्पताल की ही महिला कर्मचारी (ठेकाकर्मी) बेच चुकी है और एक महिला के घर पर है. लोगों की सूचना पर जब पुलिस ने दबिश दी तो उक्त बच्ची को बरामद किया गया. यह बच्ची किसकी है, यह अब तक मालूम नहीं चल पाया है. वैसे इसको चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को हैंडओवर कर दिया गया है, जहां बच्चों के देखभाल केंद्र में रखा गया है. उलीडीह पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं कर रही है, जिसको लेकर इस तरह के तत्वों का मनोबल बढ़ रहा है.














