
जमशेदपुर : शनिवार को जमशेदपुर में कोरोना के तीन संदिग्ध मरीज मिले हैं जिन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर सैंपल जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कालेज भेज दिया गया है. इस तरह से जमशेदपुर में अब तक कोरोना के सात संदिग्ध मरीज मिले हैं जिसमें से चार की रिपोर्ट आ चुकी है और किसी में भी कोरोना की पुष्टि नहीं हुई है. कोरोना से बचाव के लिए जमशेदपुर में लगाए गए चेक पोस्ट पर जांच के दौरान यह संदिग्ध मरीज मिले. इसमें से एक मरीज दिल्ली, दूसरा लखनऊ तथा तीसरा जयपुर से आया है. इन मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में एडमिट करने के साथ ही विभाग की ओर से इसकी सूचना परिजनों को दे दी गई है. चेक पोस्ट पर तैनात कर्मचारियों के अनुसार जांच के दौरान संदिग्ध पाए जाने वाले अधिकतर मरीज अपने आप को नार्मल बता आइसोलेशन वार्ड में जाने से इंकार कर रहे हैं. लेकिन पुलिस की सहायता से गाइडलाइन के अनुसार उन्हें एडमिट कराया जा रहा है ताकि महामारी घोषित हो चुके इस बीमारी से जमशेदपुर तथा जमशेदपुर के लोगों को बचाया जा सका. सिविल सर्जन डॉ महेश्वर प्रसाद ने कहा कि विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ अपना काम कर रही है. अभी तक जितने भी संदिग्ध मरीज मिले हैं उसमें किसी में भी कोरोना की पुष्टि नहीं हुई है लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर मानिटरिंग की जा रही है ताकि कोई परेशानी न हो.













