
जमशेदपुर : जमशेदपुर में जून और जुलाई माह में कोरोना के केस में बढ़ोत्तरी हो सकती है. इसको लेकर सबको सतर्क रहने की जरूरत है. इसको लेकर हाल में जारी किये गये रिपोर्ट के आधार पर टाटा स्टील मेडिकल सर्विसेज (टीएमएच) के जीएम डॉ राजन चौधरी ने ऑनलाइन हुए संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी और लोगों को आगाह किया कि कोरोना वायरस को लेकर काफी सतर्क रहने की जरूरत है. चूंकि, अभी बाजार खुल गया है. लोग भीड़ में रह रहे है, इस कारण मास्क पहने बगैर नहीं निकले, हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें. हाथ की सफाई करते रहे, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें. उन्होंने यह भी कहा कि रुपयों का लेन-देन करने में भी सावधानी बरतने की जरूरत है. रुपये का अगर आप लेन-देन करते है तो रुपये को आयरन से गरम कर लें और अगर रुपया लेते है तो भी हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें. एटीएम या पॉश मशीन या अन्य तकनीकी तौर पर पेमेंट किया जाता है तो भी हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करते रहे और सैनिटाइजर के इस्तेमाल के बाद ही कोई मशीन छूए और मशीन को छूने के बाद फिर से हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें. जो कपड़ा पहनकर जाते है, बाजार, उसको तत्काल धोने डाल दें. ग्लब्स पहनकर ही सब्जियों की खरीददारी करें. उन्होंने इस अफवाह का खंडन किया कि हैंड सैनिटाइजर के इस्तेमाल से किसी तरह का नुकसान होता है. उन्होंने यह माना कि स्किन थोड़ा ड्राइ जरूर होता है, लेकिन रात को अगर आप सोते वक्त लोशन लगाकर सोयेंगे तो यह ड्राइ भी नहीं होगा. लेकिन अभी बड़ी बीमारी से बचने की जरूरत है, स्किन ड्राइ होता है तो फिर वह ठीक किया जाता है, लेकिन कोरोना वायरस ज्यादा खतरनाक होता है.
टीएमएच में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या अधिक, मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका से टीएमएच में बढ़ाया जा रहा टेस्ट
जीएम के साथ संवाददाता सम्मेलन में टाटा स्टील के चीफ कुलविन सुरी और हेड रुना राजीव कुमार भी थे. जीएम डॉ राजन चौधरी ने बताया कि टीएमएच में सुविधाओं में बढ़ोत्तरी की जा रही है. अभी 150 टेस्टिंग रोजाना हो रहा है. अभी नये ऑटोमेटिक एक्ट्रैक्टर मशीन लाये जा रहे है, जो शिपिंग में कोलकाता तक आ गयी है और अगले सप्ताह तक यह लग जायेगा, जिसके बाद टेस्टिंग की संख्या और बढ़ जायेगी. 24 अप्रैल से लेकर अब तक करीब 6000 टेस्ट हो चुका है. इसमें 244 लोग पोजिटिव होने के बाद टीएमएच में एडमिट हुए, जिसमें 233 पूर्वी सिंहभूम के है जबकि 20 सरायकेला-खरसावां जिले के है. 140 पोजिटिव मरीज डिस्चार्ज हो चुके है, जिसमें 12 सरायकेला-खरसावां जिले के है जबकि 127 पूर्वी सिंहभूम जिले के है. उन्होंने यह भी बताया कि टीएमएच में तीन नर्स एक मरीज की गलत जानकारी देने के कारण पोजिटिव हो गयी थी. इसके बाद से सतर्कता बरती जा रही है. लोगों को भी सही सूचनाएं देनी चाहिए ताकि इस तरह संक्रमण नहीं फैल सके. वैसे टीएमएच के जीएम ने यह आश्वस्त किया कि टीएमएच की तीन में से एक नर्स नेगेटिव हो चुकी है जबकि दो नर्स पोजिटिव अब भी है, जिनका कांटैक्ट ट्रेसिंग किया जा चुका है और सारे कांटैक्ट वाले नेगेटिव ही है. वैसे टीएमएच में सारी सतर्कता बरती जा रही है.






