
जमशेदपुर : जमशेदपुर में लॉकडाउन के दौरान मानगो के पुराने पुल को बंद कर दिया गया था. अब पुराने पुल को खोलने की मांग उठी है. भाजपा नेता विकास सिंह के नेतृत्व में मानगो की यातायात व्यवस्था लॉकडाउन के पहले की तरह आरंभ करने के लिए जमशेदपुर के सिटी एसपी सुभाषचंद्र जाट से एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात कर मानगो गोलचक्कर का बेरियर हटाने एवं छोटा पुल शुरू करने के लिए वार्ता की. भाजपा नेता विकास सिंह ने सिटी एसपी को बताया कि पूरे डिमना रोड, बालीगुमा, एनएच 33 के लोगों को मानगो नगर निगम का कार्यालय, मानगो थाना एसबीआई का मुख्य शाखा, आदि जाने के लिए पूरा पुल पार करके बस स्टैंड का गोलचक्कर का चक्कर लगाकर पुनः आना पड़ता है, जिससे समय भी अधिक लगता है और दुर्घटना की भी संभावना रहती है. साथ ही पुल में जाम की स्थिति बनी रहती है.
मामले को देखते हुए मानगो चौक में लगाया गया बैरियर को हटाने से लोगों को सहूलियत होगी. इससे आवागमन पहले की तरह चल सके. इसके साथ ही पहले की तरह पुराना पुल को भी शुरू किया जाए, जिससे नए पुल पर दबाव कम पड़े और जाम से लोगों को मुक्ति मिले. सिटी एसपी ने कहा कि वे इस पर विचार करेंगे और सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया. प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से विकास सिंह, राजेश साहू, कन्हैया ओझा, विजय ओझा, संदीप सिंह समेत अन्य लोग शामिल हुए.







