
जमशेदपुर : महिला की मौत के 66 दिन बाद पुलिस ने मृत पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह कारनामा बिष्टुपुर पुलिस ने कर दिखाया है. पुलिस ने एएसआई देवशरण महतो के बयान पर मामला दर्ज किया है. बिष्टुपुर थाना अंतर्गत धातकीडीह ए ब्लॉक निवासी स्क्रैप व्यवसायी इंदल सोनकर की पत्नी पिंकी सोनकर की 4 अगस्त को टीएमएच में इलाज के दौरान मौत हो गई थी. इस मामले में पिंकी के मायके पक्ष के लोगों ने इंदल सोनकर और उसके परिजनों के खिलाफ मारपीट कर मारने का मामला दर्ज कराया था.
पिंकी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार पिंकी छह माह की गर्भवती थी. पिंकी की मौत का कारण पेट में अंदरुनी चोट के कारण बच्चेदानी फटना बताया गया था. इस घटना के एक माह बाद ही पिंकी के पति इंदल सोनकर ने अपने बेटे के साथ ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली थी. पुलिस ने इंदल द्वारा लिखा गया एक सुसाइड नोट भी बरामद किया था, जिसमें इंदल द्वारा बताया गया था कि पत्नी के मरने के बाद उसे कई तरह से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिस कारण वह आत्महत्या कर रहा है. पिंकी की मौत के मामले में पुलिस ने मृत इंदल सोनकर, ससुर प्रेमनाथ सोनकर, सास रासो सोनकर, भसुर कुंदन सोनकर, भाभी रानी सोनकर, चाचा केशव सोनकर, देवर राहुल सोनकर, देवरानी मेधा सोनकर और बुआ सास मीरा देवी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. हालांकि इंदल सोनकर के भाई कुंदन सोनकर द्वारा भी इंदल के ससुराल पक्ष पर आत्महत्या करने के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज कराया गया था.







