जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र के डीपासाई हरिजन बस्ती में डायन होने का आरोप लगाकर महिला पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया है. यह घटना बुधवार शाम की है. बीच बचाव करने पर महिला के पति के ऊपर भी जानलेवा हमला किया गया. दोनों पति-पत्नी घायल अवस्था में आजादनगर थाना पहुंचे जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए पुलिस ने एमजीएम अस्पताल भिजवाया. डीपासाई के रहने वाले सोनू कालिंदी ने बताया कि वह चांडिल गया था. चांडिल से लौटा तो नदी में नहाने गया. (नीचे भी पढ़ें)

वहां से आया और घर में था. तभी उसका बड़ा भाई रवि कालिंदी अपनी पत्नी और एक अन्य महिला के साथ आया और उसकी पत्नी अनुका कालिंदी पर आरोप लगाया कि वह डायन है और ओझा गुनी का काम कर रही है. इसी को लेकर उस पर चाकू से हमला कर दिया. चाकू मार कर घायल कर दिया. बीच बचाव करने पर सोनू कालिंदी को भी घायल कर दिया है. घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है. आजादनगर पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपी की तलाश की जा रही है.



