जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर के परसुडीह थाना क्षेत्र में एक महिला को डायन बता मारपीट कर निर्वस्त्र करने के प्रयास का मामला सामने आया है. महिला के पति की पहले ही मौत हो चुकी है. बताया जाता है कि वह अपनी बेटी के साथ रहती है. इस घटना का वीडियो भी उनके परिवार के लोगों को मिला है. उसके बाद उन्होंने मामले की लिखित शिकायत परसुडीह थाने में की है. घटना बीते 13 अक्टूबर की है. इसका वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है. पीड़िता का आरोप है कि उसके साथ उसकी बेटी से भी मारपीट कर गांव से भाग जाने की धमकी दी गई. ऐसा नहीं करने पर उन्हें बुरा अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई. इस घटना से डरी-सहमी मां-बेटी घर से बाहर तक नहीं निकल पा रही है. उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ सुरक्षा देने की गुहार लगाई है.
ऑफिस में घुसकर मारपीट करने और सामानों को क्षतिग्रस्त करने का भी आरोप
इधर सीतारामडेरा थाना क्षेत्र की रहनेवाली महिला ने ऑफिस में घुसकर छेड़खानी के साथ मारपीट और सामानों को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाते हुए थाना में मामला दर्ज कराया है. इस मामले का आरोपी टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को मनीफीट के रहने वाले अरविंद कुमार पांडेय को बनाया गया है. पीड़िता का कहना है कि घटना के वक्त उसके पति ऑफिस में बैठकर काम कर रहे थे. तभी आरोपी वहां आ घुसा और पति के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतर आया. उसी दौरान शोर-गुल सुन वह भी वहां पहुंची. उसके बाद महिला से भी मारपीट और छेड़खानी की गई. साथ ही अरविंद पर पति-पत्नी को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है. घटना का कारण दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद बताया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
सीतारामडेरा में घर की खिड़की का ताला तोड़ मोबाइल की चोरी
सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के एक घर की खिड़की का ताला तोड़कर मोबाइल की चोरी करने का मामला सामने आया है. इस संबंध में ह्यूम पाइप निर्मलनगर के रहने वाले महेश चंद्र ने थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. उनका कहना है कि घटना के वक्त रात को परिवार के लोग घर में सो रहे थे. सुबह जगने पर मोबाइल गायब पाया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
प्रताड़ना से तंग महिला ने पति समेत अन्य के खिलाफ दर्ज कराया मामला
बोड़ाम के मिर्जाडीह की रहनेवाली 22 वर्षीय रिया गोप ने प्रताड़ना से तंग आकर अपने पति और सास-ससुर के खिलाफ स्थानीय थाना में मामला दर्ज कराया है. पीड़िता के मुताबिक एमजीएम थाना क्षेत्र के हिल व्यूह कॉलोनी के रहनेवाले राहुल कुमार दुबे से वर्ष 2018 में उसका प्रेम विवाह हुआ था. उसके तीन साल बाद राहुल गुजरात चला गया. अब वह दूसरी शादी करने की धमकी दे रहा है. साथ ही सास कमला देवी और ससुर मोहन दुबे भी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं. उसके दो बच्चे हैं. महिला ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए न्याय की गुहार लगाई है.






