
जमशेदपुर : जमशेदपुर में काफी लंबे समय से सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है. मानगो क्षेत्र में कभी मंदिरों में प्रतिबंधित गौ मांस तो कभी मसजिदों के बाहर जानवरों का मांस फेंकने की घटनाएं हो चुकी है. इस कड़ी में एक और कोशिश असामाजिक तत्वों ने परसुडीह इलाके में की. परसुडीह थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के पास स्थित शिव मंदिर के बाहर जब लोग सुबह के वक्त पूजा करने आये, तब देखा कि मंदिर के बाहर गौ मांस फेंका हुआ है. इसके बाद यह खबर आग की तरह फैल गयी. लोगों का जमावड़ा लग गया.

पूरी भीड़ लग गयी. हंगामा शुरू हो गया. देखते ही देखते गुस्साएं लोगों ने टायर जला दिया और रोड जाम कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे. शिवरात्री के दूसरे दिन ही इस घटना के बाद लोगों में काफी गुस्सा था. लोग नारेबाजी करने लगे. परसुडीह पुलिस के खिलाफ लोगों में गुस्सा था और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे. परसुडीह पुलिस ने मौके पर क्विक एक्शन लिया. लोगों से बातचीत की.

समाज के प्रबुद्ध जनों की मदद से लोगों को समझाया कि जानबूझकर किसी ने साजिश रची है और धार्मिक भावना को ठेंस पहुंचाकर बांटने की कोशिश की है. इसके बाद लोग थाना पर पहुंचे. लोगों ने परसुडीह थाना पर भी प्रदर्शन करना शुरू कर दिया. बजरंग दल समेत अन्य हिंदुवादी संगठनों के लोग भी पहुंच गये और थाना पर प्रदर्शन करने लगे. थानेदार ने लोगों को आश्वासन दिया कि 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास करेगी. इसके बाद लोग माने और वापस गये. पुलिस सीसीटीवी फुटेज को देख रही है जबकि सूचनाएं भी इकट्ठा कर जानकारी लेने का प्रयास कर रही है कि किन लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है. इसको लेकर पुलिस की गश्ती दल लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है ताकि फिर किसी तरह का कोई उत्पात नहीं हो सके.







