
जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर में सरेआम अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं. ताजा मामला आजादनगर थाना क्षेत्र का है, जहां सोमवार की रात एक महिला से स्कूटी सवार तीन झपटमारों ने पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली और सड़कों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं. जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात लगभग 8 :30 बजे किरण झा नामक महिला अपनी एक सहेली के साथ मंदिर से लौट रही थीं. (नीचे देखे पूरी खबर)

जैसे ही वे महल रेजिडेंसी के ठीक सामने पहुँचीं, पीछे से एक अन्य स्कूटी पर सवार तीन युवक आए और झपट्टा मारकर किरण झा के हाथ से पर्स छीन लिया पर्स में उनका मोबाइल फोन और अन्य जरूरी दस्तावेज मौजूद थे. वारदात के बाद तीनों बदमाश तेज रफ्तार में फरार हो गए पीड़िता ने तुरंत इस घटना की सूचना आजादनगर थाना को दी. थाना पुलिस ने मामले की प्राथमिक सूचना दर्ज कर ली है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. हालांकि, अब तक झपटमारों का कोई सुराग नहीं मिला है. किरण झा ने पुलिस को बताया कि झपटमार पहले से ही पीछे से उनका पीछा कर रहे थे और सुनसान मोड़ देखकर उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया.





