
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातू में बी ब्लॉक रोड नंबर 4 में रहने वाले पूरन रविदास और उसकी मां लक्ष्मी रविदास पर कुछ लोगों ने मंगलवार की रात जानलेवा हमला किया है. इन लोगों ने पूरन रविदास और उसकी मां लक्ष्मी रविदास पर चापड़ और डंडे से हमला किया. दोनों को सिर में गंभीर चोट आई है. खून से लथपथ हालत में दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पूरन रविदास ने बताया कि वह एक मैदान में बैठा हुआ था. तभी चार-पांच युवक वहां पहुंचे और उन लोगों ने लाठी डंडे से उसके साथ मारपीट की. इसके बाद पूरन रविदास घर गया और अपनी मां लक्ष्मी रविदास के साथ सिदगोड़ा थाना पहुंचा. वहां मामले की शिकायत की. सिदगोड़ा थाना में पुलिस कर्मियों ने कहा कि रोड नंबर 3 में पुलिस की गाड़ी खड़ी है. वहां जाकर सूचना दे दो. इसके बाद पूरन रविदास अपनी मां लक्ष्मी रविदास के साथ रोड नंबर 3 की तरफ गया तो देखा कि वहां कोई गाड़ी नहीं थी. लेकिन युवक वहां पहुंच गए और पूरन और लक्ष्मी को मारपीट कर घायल कर दिया.



