
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई क्षेत्र में गौशाला चौक पर रविवार की शाम गोली चलाने के आरोपी मनीष सिंह ने मंगलवार की सुबह जुगसलाई थाना में सरेंडर कर दिया. वह आराम से अपने एक साथी के साथ जुगसलाई थाना पहुंचा और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. जुगसलाई थाना प्रभारी नित्यानंद महतो और उनकी टीम उससे लगातार पूछताछ कर रही है.
उसने पुलिस को बताया कि बंटी सिंह नामक जिस युवक को उसने गोली मारी उस युवक के साथ शनिवार को गाड़ी में धक्का लग जाने के कारण कुछ कहासुनी हो गई थी. दोनों ने एक दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी, जिसके बाद रविवार को शाम को वह अपने साथियों के साथ जुगसलाई थाना अंतर्गत गौशाला चौक पर गया जहां बंटी सिंह खड़ा था उसको पहले गाली गलौज किया और फिर करीब 6 राउंड गोलियां चलाकर वहां से भाग निकला.

जमशेदपुर पुलिस आरोपी मनीष सिंह को पकड़ने का प्रयास कर रही थी, लेकिन यह सारे प्रयास विफल रहे थे और घटना के करीब 40 घंटे बाद मनीष सिंह ने खुद से जुगसलाई थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया. आपको बता दें कि रविवार की देर शाम जुगसलाई थाना क्षेत्र के गौशाला चौक पर बंटी सिंह नामक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गई थी. गोली बंटी के पेट में लगी थी. उसके पेट से गोली निकाली जा चुकी है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है. वैसे घायल बंटी का इलाज अभी भी टीएमएच में चल रहा है. अभी मनीष सिंह से पूछताछ कर रही है. इस संबंध में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया है.







