
जमशेदपुर : जमशेदपुर में लगातार दूसरे दिन भी अपराधियों ने सरेआम गोलियां चलायी. जमशेदपुर के मानगो स्थित उलीडीह थाना अंतर्गत पंडित टोला में कुख्यात अपराधी और हिस्ट्री शिटर सोनू मिश्रा ने पड़ोस में ही रहने वाले पुजारी युवक सौरभ सुमन झा की गोली मारकर हत्या कर दी. बताया जाता है कि पिछले दो दिनों से कुत्ता को शौच कराने को लेकर सौरभ झा के साथ सोनू मिश्रा की तूतू-मैंमैं हो गयी थी. सोनू मिश्रा ने दो दिन पहले ही बोला था कि कुत्ते का शौच वह कराता रहेगा, उसको जो रोक सकता है रोके.

बताया जाता है कि बुधवार की सुबह करीब 11 बजे फिर से सोनू मिश्रा अपने कुत्ते को लेकर आया और सौरभ झा के घर के सामने ही शौच कराने लगा. सौरभ झा ने फिर से इसका विरोध किया तो गुस्साएं सोनू मिश्रा ने सौरभ झा के गला और सीने में चार गोलियां उतार दी. गोली चलाने के बाद वह वहां से भाग निकला. यह पूरी घटना तब घटी, जब पुलिस पूरी तरह एलर्ट थी.
मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र में पंडित टोला (दैनिक जागरण कार्यालय के पीछे) में सोनू मिश्रा और सौरभ झा रहता है. सौरभ सुमन झा को गोली लगने के बाद तत्काल टीएमएच ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गयी. उसकी रास्ते में ही मौत हो चुकी थी. सूचना पाकर तत्काल सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट समेत तमाम आला अधिकारी पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. सौरभ सुमन झा करीब 20 साल का युवक है, जो मानगो के डिमना चौक स्थित आदित्यनाथ मंदिर में पूजा कराता है और उसके पिता मदन झा भी पुजारी ही है.
उधर घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. वही मौके पर पहुंचे सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट ने अपराधी के धरपकड़ के लिए छापेमारी किए जाने की बात कही. उधर परिवार वालों ने न्याय की मांग को लेकर सरकार से फरियाद लगाई है. इस बीच गोली मारने के बाद अपराधी सोनू मिश्रा भागा नहीं. वह अपने एरिया में ही घुमता रहा. जब पुलिस पहुंची तो उसने पुलिस के हवाले खुद को कर दिया, जिसके बाद पुलिस उसको गिरफ्तार कर थाना ले जाकर पूछताछ कर रही है.

लॉकडाउन के बीच बढ़ता अपराध उठा रहा पुलिस पर सवाल
कोरोनावायरस के संक्रमण के खौफ को लेकर पूरा देश लॉक डाउन पर है. देश के लगभग सभी राज्यों में धारा 144 लागू है. जहां लोगों के घरों से निकलने पर पाबंदी है, इन सबके बीच जमशेदपुर में अपराध के ग्राफ में अचानक बढ़ोतरी हो गई है. एक तरफ जहां बुधवार की देर रात जमशेदपुर की सुनसान सड़कों पर गैंगवार से पूरा जमशेदपुर थर्रा उठा.

वहीं दूसरी तरफ 24 घंटे के भीतर बेखौफ अपराधियों ने जमशेदपुर के उलीडीह (मानगो) थाना अंतर्गत पंडित टोला में गोली चालन की घटना को अंजाम देकर पूरे जमशेदपुर की विधि व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है. वैसे इस घटना में सौरभ सुमन झा नामक युवक की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि कुत्ता घुमाने को लेकर हिस्ट्रीशीटर अपराध कर्मी सोनू मिश्रा ने सौरभ सुमन झा पर गोली चला दी. जिसे स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया.

सोनू मिश्रा के खिलाफ है हत्या से लेकर कई अपराधिक मुकदमा दर्ज
जमशेदपुर के मानगो इलाके में रहने वाला सोनू मिश्रा के खिलाफ कई सारे आपराधिक मुकदमा दायर है. उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी समेत कई आपराधिक मुकदमा पहले से ही लंबित है. कई अपराध करने के बाद वह जेल से छूटा है. वह इलाके में दहशत बन चुका है और कहा है कि इतना केस जब हो गया है तो फिर से एक या दो केस हो ही जायेगा तो क्या कर सकता है कोई. इस कारण लोगों में वह दहशत पैदा कर चुका है. सोनू मिश्रा को अपराधिक गिरोह के अलावा राजनीतिक संरक्षण भी प्राप्त है.














