
जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना इलाके में ब्राउन शुगर की बढ़ती बिक्री को लेकर आपराधिक घटनाओं में बढ़ोत्तरी हो रही है. एक बड़ी घटना में छायानगर में सक्रिय नशेड़ियों के गैंग ने बोड़ाम निवासी भोला नाथ टुडू से चाकू के बल पर 20 हजार की लूट कर ली. उसके बाद मारपीट कर फरार हो गए. घटना शनिवार दिन की बताई जाती है. भुक्तभोगी भोलानाथ कोर्ट में अपने रिश्तेदार के साथ आए थे. लौटते वक्त दिनदहाड़े पांच नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेरकर घटना को अंजाम दिया. टुडू के मुताबिक वह अधिवक्ता विद्या सिंह से न्यायलय के काम में मिलने आए थे. टुडू ने घटना के बाद पुलिस से लिखित शिकायत की है. पुलिस बदमाशों का पता लगाने के लिए प्रयासरत है. पुलिस का मानना है की घटना को अंजाम देने वाले नशेड़ी थे.














