
जमशेदपुर : उलीडीह थाना परिसर में बालीगुमा के रहने वाले संतोष तिवारी उर्फ मिथिलेश तिवारी की एसआई पंकज किशोर सिंह से हाथापाई हो गई। पुलिस संतोष तिवारी को मारपीट और दबंगई करने की शिकायत पर पूछताछ करने के लिए थाने लाई थी। इसी दौरान वह एएसआई से उलझ गया और पहले धक्का-मुक्की फिर हाथापाई करने लगा। एएसआई के साथ संतोष ने अभद्रता भी की। बाद में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने फौरन उसे काबू में किया। इस मामले में एएसआई पंकज किशोर के आवेदन पर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर संतोष को जेल भेज दिया है। संतोष कई बार जेल जा चुका है। उस पर हत्या और आर्म्स एक्ट के कई मामले चल रहे हैं। साल 2020 में साइकिल यादव की बेरहमी से हुई हत्या में भी वह शामिल था। हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था।





