
जमशेदपुर : टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी निरूप महंती के घर में नौकरानी का काम करने वाली 55 वर्षीय मंगली गोराई का शव उनके बिष्टुपुर ओल्ड सीएच एरिया स्थित आवास से संदिग्ध हालत में बरामद किया गया. मंगली के परिवार के लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए बिष्टुपुर थाने में इसकी लिखित शिकायत की है. घटना की जांच सीसीआर डीएसपी अरविंद कुमार कर रहे हैं. बताया जाता है कि मंगली गोराई सोनारी के खुंटाडीह में रहती थी. उसका एक बेटा और बहू भी है. माली हालत खराब होने के कारण वह निरूप महंती के घर में नौकरानी का काम करती थी. वह रोजाना सुबह 9 बजे वहां पहुंचती थी और दिन के 12.30 बजे तक घर लौट आती थी. मृतका मंगली के परिजनों का आरोप है कि घटना के तत्काल बाद उसे सूचना क्यों नहीं दी गई. जब उसे सूचना दी गयी, तब टीएमएच में उसकी मां की मौत हो चुकी थी. मौत के बाद परिवार के लोगों का आरोप है कि शव को भी ठीक से देखने के लिए नहीं दिया गया और उसे शीतगृह में रखवा दिया गया. परिवार वालों ने भाजपा नेता बच्चेलाल भगत की अगुवाई में शिकायत दर्ज करवाई है साथ ही इस घटना की निष्पक्ष जांच और एक मुश्त मुआवजे की मांग की है.













