
जमशेदपुर : बिना हेलमेट पकड़ाने पर गलत रजिस्ट्रेशन नम्बर देकर युवक ने जुर्माना दिया, जब पुलिस ने बाइक ले जाने से रोका तो युवक ने बाइक में आग लगा दी. मामला जुगसलाई यातायात थाना परिसर का है. इस मामले में यातायात थाना के संजीव कुमार राम के बयान पर जुगसलाई थाना में तौफीक अहमद के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है. घटना सोमवार देर रात की है. जुगसलाई थाना प्रभारी तरुण कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि एसएसपी के निर्देश पर होली और शब-ए-बारात को देखते हुए देर रात तक जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी बीच पुलिस ने देर रात लगभग दो बजे बिना हेलमेट के एक बाइक चालक को पकड़ा. पुलिस ने उसका चालान भी काटा. उसने अपने बाइक का नंबर गलत देकर चालान कटवा लिया और बाइक लेकर जाने लगा. जब पुलिस की नजर नंबर पर पड़ी तो बाइक का नंबर गलत पाया. शक होने पर पुलिस ने उसे रोका और गाड़ी के कागजात की मांग की. इतने में ही वह हंगामा करने लगा. थोड़ी देर बाद उसने बाइक की पेट्रोल टंकी से पाइप खोला और बाइक को आग लगा दी. आग लगाने के बाद वह मौके से फरार हो गया. किसी तरह पुलिस कर्मियों ने आग पर काबू पाया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.













