जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह कॉलोनी स्थित रज्जाक केके अपार्टमेंट से भैसुर की गलत नीयत और उसकी आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है. अपार्टमेंट में रहने वाली सानिया परवीन ने अपने सौतेले भैसुर सरफराज खान पर शादी के बाद से ही लगातार गलत नीयत रखने और कई बार मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है. पीड़िता का कहना है कि सरफराज अक्सर घर में अकेले पाकर उस पर दबाव बनाता था और विरोध करने पर धमकी देता था. (नीचे भी पढ़ें)
सानिया ने बताया कि जब उसे अपनी नीयत में कामयाबी नहीं मिली तो सरफराज ने उसके पति सैफ अली खान को निशाना बनाना शुरू कर दिया. इसी क्रम में बीती रात की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. पति सैफ कार में बैठे हुए थे तभी सरफराज अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा. आरोप है कि उसने पिस्तौल दिखाकर सैफ को कार से बाहर निकाला और बेरहमी से मारपीट करने लगा. बीच-बचाव करने पहुंची सानिया के साथ भी छेड़छाड़ करते हुए धक्का-मुक्की और मारपीट की. दोनों किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाते हुए सीधे थाना पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़ित दंपति ने पुलिस को बताया कि सरफराज का आपराधिक इतिहास है और वह पलामू के कुख्यात सुजीत सिन्हा गिरोह से जुड़ा हुआ है. कई बार जेल जा चुका सरफराज सोशल मीडिया पर भी हथियार लहराते हुए तस्वीरें पोस्ट करता रहा है और इन्हें दिखाकर परिवार के सदस्यों तथा स्थानीय लोगों में दहशत फैलाता है. परिवार ने पुलिस से सुरक्षा और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की जानकारी मिलते ही बिष्टुपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लिखित शिकायत दर्ज कर ली है. पुलिस टीम सरफराज और उसके साथी की तलाश में छापामारी कर रही है. घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है. उधर, पीड़ित परिवार डरा हुआ है और लगातार सुरक्षा की मांग कर रहा है. पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.



