जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र में जीत महतो नामक युवक की पूछताछ के बाद हुई मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. भारतीय जनता पार्टी ने इसे पुलिस हिरासत में हुई मौत का मामला बताते हुए इस को लेकर स्टैंड लिया है. पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा है कि यह मामला हिरासत में हुई मौत का है. (नीचे भी पढ़े)
पुलिस लगातार परिवार पर दबाव डाल रही है और बाहरी तत्वों से दबाव डलवा भी रही है. इस मामले में राज्य सरकार को चुनौती देते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि सरकार को चाहिए कि इस मामले में स्टैंड ले और मामले की जांच सीबीआई या न्यायिक पदाधिकारी या इडी के माध्यम से कराई जाए. पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने इस पूरे मामले की गंभीरता को समझते हुए कहा कि यह मामला सीधे तौर पर पुलिस और सरकार पर सवाल उठता है.















