जमशेदपुर : कदमा डीबीएमएस कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन के नए ब्लॉक का गुरुवार को विधि-विधान के साथ गणपति होमम, नवग्रह होमम एवं सुदर्शना होमम के साथ उद्घाटन हुआ. डीबीएमएस ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ बी चंद्रशेखर एवं ललिता चंद्रशेखर ने विधि विधान से पूजा संपन्न कराई, जिसमें सभी लोगों नें भाग लिया और संस्थान की प्रगति, सुख-समृद्धि और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर कॉलेज के अध्यक्ष डॉ बी चंद्रशेखर ने कहा कि यह नया ब्लॉक हमारे कॉलेज के विकास में एक मील का पत्थर है. यह न केवल हमारी संरचनागत क्षमता को बढ़ाता है, बल्कि हमारे छात्रों को और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान करने के हमारे संकल्प को भी मजबूत करता है. हम चाहते हैं कि इस नए वातावरण में शिक्षा और मूल्य, दोनों का विकास हो. वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा के बाद सभी को प्रसाद वितरित किया गया और नई शुरुआत के लिए ईश्वर से आशीर्वाद की कामना की गई. (नीचे भी पढ़ें)

कॉलेज प्रबंधन समिति की सचिव श्रीप्रिया धर्मराजन ने सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को नए भवन के सुचारू संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर प्रशासनिक सचिव सतीश सिंह भी उपस्थित थे. इस अवसर पर डीबीएमएस की सभी इकाइयों के गणमान्य सदस्य एवं कॉलेज प्रबंधन के सभी सदस्य, शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.



