जमशेदपुर : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आहूत की गई. बैठक में जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम हेतु गठित टास्क फोर्स, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की गई. साथ ही एनजीटी के आदेश के अनुसार सभी बालू घाटों से बालू के उठाव पर पूर्णत: रोक का अनुपालन, वन क्षेत्रों में अवैध उत्खनन परिवहन, बिना पंजीकरण संख्या वाले वाहनों की धरपकड़, अतिभारित/ ओवरलोडेड वाहनों की जांच तथा दोषी वाहन मालिकों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने गत माह अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम हेतु गठित टास्क फोर्स, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्रवाई को नकाफी बताया तथा अपने-अपने क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए. जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि पिछले माह की 16 कार्रवाई में 511 टन बालू तथा 44 टन पत्थर जब्त करते हुए 02 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई तथा 16 वाहन जब्त किए गए। साथ ही अवैध खनिज कारोबार करने वालों से 35.62 लाख रू. जुर्माना वसूला गया. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम की कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी व्यक्तियों, संचालकों एवं वाहन मालिकों के विरुद्ध नियमों के अनुरूप कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई की जाए. जनहित और राज्यहित में खनन गतिविधियों को पूरी तरह कानून के दायरे में संचालित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए प्रशासन हर स्तर पर सख्त रुख अपनाएगा. बैठक में डीएफओ सबा आलम अंसारी, वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब, रूरल एसपी शुभम खंडेलवाल, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, डीटीओ दिलीप कुमार, डीएमओ सतीश नायक व अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी मौजूद रहे वहीं अंचलाधिकारी तथा थाना प्रभारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए.







