जमशेदपुर : जमशेदपुर के डीसी ऑफिस (समाहरणालय) स्थित कार्यालय कक्ष में जमशेदपुर के उपायुक्त अनन्य मित्तल द्वारा पीएम पोषण योजना में प्रगति की समीक्षा की गई. बैठक में स्कूल एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों के बीच पोषाहार वितरण, नियमित स्वास्थ्य जांच, रसोई घर की स्थिति आदि बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. स्कूली बच्चों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में अध्ययनरत बच्चों के पोषण की स्थिति में सुधार लाने, कुपोषण को रोकने के लिए नियमित पौष्टिक आहार देने तथा बच्चों के पोषण स्तर की निगरानी करने का निदेश दिया गया. साथ ही स्थानीय स्तर पर उपलब्ध मौसमी साग-सब्जी, फल, अनाज आदि भी मेन्यू में शामिल करने की बात कही गई. उपायुक्त ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य एवं पोषण महत्वपूर्ण विषय है, नियमित रूप से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत समयसारिणी बनाते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करायें. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभागीय पदाधिकारी को आपसी समन्वय से कार्य करने का निदेश दिया. साथ ही स्वच्छ वातावरण में खाना बनाने को लेकर स्कूलों में रसोई घर के स्थिति की समीक्षा की गई. जिला शिक्षा अधीक्षक ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में 220 रसोईघर शेड का निर्माण किया गया है, 278 नए शेड का निर्माण करना है. उपायुक्त द्वारा डीएमएफटी फंड से रसोईघर शेड निर्माण हेतु प्रस्ताव बढ़ाने का निर्देश शिक्षा विभाग के पदाधिकारी को दिया गया. बैठक में भवनहीन आंगनबाड़ी केन्द्रों, आंगनबाड़ी केन्द्रों के विद्युतीकरण की स्थिति की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान, एसडीएम धालभूम शताब्दी मजूमदार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संध्या रानी, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष पांडेय, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, सभी बीइइओ, बीपीओ व शिक्षक संघ के प्रतिनिधि उपस्थित थे.



