जमशेदपुर : डीसी विजया जाधव ने रविवार को अन्य अधिकारियों के साथ साकची एमजीएम अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान आउटसोर्स स्टाफ गायब मिले. स्टोर कीपर नर्स भी अपने स्थान पर नहीं थी. एमजीएम अस्पताल में रविवार को आयुष्मान कार्ड का पंजीकरण करने वाला स्टाफ भी नहीं था. डीसी के इस संबंध में जवाब तलब करने पर वहां उपस्थित कोई अधिकारी यह नहीं बता सका कि ऐसा क्यों है. इसके बाद डीसी ने अस्पताल अधीक्षक को आउटसोर्स स्टाफ को हर हाल में रविवार को भी बुलाने का निर्देश दिया, ताकि आने वाले मरीजों का बेहतर तरीके से इलाज हो सके. बता दें कि डीसी ने इसको लेकर डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को रविवार के दिन भी आयुष्मान कार्ड का पंजीकरण करने वाले स्टाफ को बैठाने का निर्देश दे रखा है.(नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद डीसी ने एमजीएम अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन भवन का भी निरीक्षण किया. वहां काम कर रही एजेंसी के प्रतिनिधि ने डीसी को कई समस्याएं बताईं. डीसी ने उनकी समस्याओं को जल्द हल कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि कई भवन जर्जर घोषित किए जा चुके हैं, जिन्हें गिराया जाना है. इसके अलावा डीसी ने कहा कि अस्पताल में कबाड़ हो चुके सामानों, जैसे स्ट्रेचर आदि की एक कमेटी गठित कर नीलामी की जाएगी, ताकि उससे होने वाली आमदनी से कुछ नए जरूरी सामान खरीदे जा सकें. बता दें कि डीसी ने इसको लेकर डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को रविवार के दिन भी आयुष्मान कार्ड का पंजीकरण करने वाले स्टाफ को बैठाने का निर्देश दे रखा है.
डीसी को अस्पताल परिसर में कई स्थानों पर गंदगी भी दिखी, जिस पर उन्होंने अस्पताल अधीक्षक को साफ-सफाई पर भी ध्यान देने का निर्देश दिया. औचक निरीक्षण के दौरान डीसी विजया जाधव के साथ डीडीसी मनीष कुमार व एसडीओ पीयूष सिन्हा भी उपस्थित थे.














