जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के समीप 27 जून की रात हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले के मुख्य आरोपी राहुल दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चापड़ भी बरामद किया गया है. यह मामला बिष्टुपुर थाना से संबंधित है. घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया था. एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय आसूचना और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दबाव के बीच मुख्य आरोपी राहुल दुबे को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-4 निवासी है. पुलिस के अनुसार राहुल दुबे का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ कदमा के अलावा गुजरात में भी हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं. वह पूर्व में आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास के मामले में जेल भी जा चुका है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया एक चापड़ बरामद किया है.







