जमशेदपुर: पिछले कई दिनों से उमस भरी भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार को जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में बिहार के एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान 50 वर्षीय उपेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो बिहार के नवादा जिले के निवासी थे और अस्थमा की बीमारी से पीड़ित थे. मृतक के रिश्तेदार सन्नी सिंह के अनुसार, उपेंद्र सिंह कुछ दिन पहले उनके साथ जमशेदपुर आए थे. (नीचे देखे पूरी खबर)

शुक्रवार दोपहर दोनों घर लौटने के लिए बस स्टैंड पहुंचे थे. इसी दौरान करीब 2:30 बजे उपेंद्र सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल ऑटो से अस्पताल ले जाया गया. बताया गया कि एमजीएम अस्पताल पहुंचने के बाद जब उन्हें ऑटो से उतारा गया तो उन्होंने बैठने की इच्छा जताई. बैठते ही वे अचानक जमीन पर गिर पड़े. मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत स्ट्रेचर की व्यवस्था कर उन्हें इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद उनके रिश्तेदार सन्नी सिंह का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. उन्होंने बताया कि जमशेदपुर में उनका कोई करीबी नहीं है और अचानक हुई इस घटना से वे पूरी तरह सदमे में हैं. परिजनों को सूचना दे दी गई है. अस्पताल सूत्रों के मुताबिक शव को शीतगृह में सुरक्षित रखा गया है. मृतक के परिजनों के शनिवार को जमशेदपुर पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा.





