जमशेदपुर : झारखंड फेडरेशन ऑफ चेंबर ऑफ कॉमर्स के कोल्हान रीजनल वाइस प्रेसिडेंट विजय आनन्द मूनका ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जमशेदपुर में ट्रैफिक पुलिस अधीक्षक का पद सृजित करने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर राज्य की आर्थिक एवं व्यावसायिक राजधानी है, जहां बड़े उद्योग, व्यापारिक केन्द्र, परिवहन और यहां प्रति दिन लाखों लोगों का आवागमन होता है. लेकिन वर्तमान समय में शहर गंभीर ट्रैफिक अव्यवस्था और लगातार जाम की समस्या से जूझ रहा है, जिससे व्यापार, उद्योग, शिक्षा तथा आपातकालीन सेवाओं पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस अधीक्षक का पद सृजित होने से जमशेदपुर में प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, चौराहों पर बेहतर निगरानी और दुर्घटनाओं में कमी जैसे कई अहम सुधार होंगे. यह उद्योग एवं व्यापार जगत के लिए भी सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल प्रदान करेगा. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के विकासोन्मुख दृष्टिकोण के अनुरूप यह कदम ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को मजबूत करेगा तथा नागरिकों को यातायात की जटिलताओं से राहत दिलाने में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा. उन्होंने जमशेदपुर के व्यावसायिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की चिर लंबित मांग का समर्थन करते हुए उन्होंने आशा जताई कि सरकार इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी.














