
जमशेदपुर : परसुडीह क्षेत्र की लगभग 8 पंचायतों के प्रबुद्ध नागरिकों की एक बैठक संयुक्त ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष श्री राम सिंह मुंडा की अध्यक्षता में गांधी मैदान पंचायत भवन के पास सोपोडेरा में हुई. बैठक का संचालन पूर्वी कालीमाटी ग्राम पंचायत के पूर्व मुखिया प्रभु राम मुंडा ने किया. बैठक में मुख्य रूप से क्षेत्र की जर्जर सड़क के लिए नीर निर्मल पेजल परियोजना विभाग एवं विद्युत विभाग को जिम्मेदार ठहराया गया. कहा गया कि बरसात से पहले विभाग क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत करे. साथ ही पेयजल कनेक्शन के लिए छुटे हुए घरों में पेयजल विभाग शीघ्र कार्रवाई करें अन्यथा स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा जन आंदोलन किया जाएगा. बैठक में राम सिंह मुंडा ने कहा कि जिला प्रशासन उपरोक्त विषय पर गंभीरता से विचार कर यथाशीघ्र कार्य प्रारंभ कराए. श्री मुंडा ने सालगाझूड़ी श्मशान भूमि की सुरक्षा एवं विकास के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि यह श्मशान भूमि क्षेत्र के आदिवासियों, मूलवासी एवं गरीब तबके के लोगों के परिजनों के इस्तेमाल के लिए है, जो वर्षों पुराना है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि श्मशान भूमि में हमारे पूर्वज दफन हैं. इस श्मशान भूमि में किसी प्रकार का अतिक्रमण स्थानीय ग्रामीण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे. श्मशान भूमि का क्षेत्र के लोगों के लिए समुचित विकास किया जाना है, जिसमें शव दफान करने एवं जलाने की व्यवस्था होगी. विगत दिनों में कुछ लोगों के द्वारा यहां अतिक्रमण किया गया है एवं बुलडोजर चलाया गया है, इसके शुद्धिकरण एवं सीमांकन के लिए आगामी अगस्त सितंबर माह में दिवंगत आत्मा शुद्धिकरण पूजा पाठ किया जाएगा. साथ ही सीमांकन पत्थलगड़ी किया जाएगा, जिसमें स्थानीय सभी समाज के परंपरागत पुजारी शामिल होंगे. आदिवासी परंपरा के अनुसार पूजा-पाठ ढोल-नगाड़ों के साथ किया जाएगा एवं पूरे श्मशान भूमि में पौधारोपण किया जाएगा. बैठक में गुलशन टुडू, हरिचरण बोदरा, बिनानंद सिरका, मध्य सरजामदा के ग्राम पंचायत मुखिया प्रकाश सांडिल, समाजसेवी अवधेश सिंह, मजिस्टर शर्मा, विश्वनाथ साहू, बबलू करवा, राजेश कुमार सिंह, प्रेम, रूद्र मुंडा, दुखु सांडिल, सुनील दिग्गी, सोमा दिग्गी, मनोज कुमार महतो, प्रेम ज्योति गुप्ता, संतोष पांडे, अमल समेत समाज के कई प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे.





