जमशेदपुर : जमशेदपुर को हृदय-सुरक्षित शहर बनाने के उद्देश्य से रविवार को जमशेदपुर एक्सएलआरआइ ऑडिटोरियम में “दिल धड़कने दो” अभियान का शुभारंभ किया गया. इस शहरव्यापी पहल का उद्देश्य सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण को बढ़ावा देना तथा एईडी (ऑटोमेटेड एक्सटर्नल डिफिब्रिलेटर) की उपलब्धता बढ़ाकर अचानक हृदय गति रुकने की स्थिति में समय पर जीवनरक्षक सहायता सुनिश्चित करना है. कार्यक्रम की शुरुआत में टाटा मेन हॉस्पिटल के कार्डियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष सह मुख्य सलाहकार डॉ मंदार शाह, ने हृदय संबंधी आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई, सीपीआर प्रशिक्षण और एईडी मशीन के महत्व के बारे में विस्तार में बताया और जमशेदपुर शहर में जीवनरक्षक एईडी मशीन लगवाने पर जोर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में टाटा स्टील कॉर्पोरेट सर्विसेज के वीपी डीबी सुंदर रामम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उन्होंने रोटरी क्लब ऑफ स्टील सिटी के इस कार्य की शुरुआत के लिए सरहाना की. उन्होंने कहा कि इस नेक कार्य में टाटा स्टील कदम से कदम मिला कर काम करेगा. उन्होंने कहा कि टाटा स्टील प्लांट के अंदर भी ये एईडी मशीनें लगवाई जाएंगी. उन्होंने मीडिया को भी संदेश दिया कि टाटा स्टील हमेशा जमशेदपुर के नागरिकों के लिए अग्रसर रहेगी. (नीचे भी पढ़ें)
रिवाइव हार्ट फाउंडेशन के संस्थापक एवं मुंबई के होली फैमिली हॉस्पिटल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ ब्रायन पिंटो विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए. डॉ पिंटो ने रिवाइव हार्ट फाउंडेशन के कार्यकलाप के बारे में बताया और आपातकालीन स्तिथि में कैसे सीपीआर और एईडी मशीन के उपयोग से उनके द्वारा स्थापित रिवाइव हार्ट फाउंडेशन के द्वारा प्रशिक्षित पुलिस कांस्टेबल, सिक्युरिटी गार्ड, रेल्वे पुलिस और कई अन्य ने कितने ही लोगों की जान बचाई. उन्होंने जमशेदपुर में इस शुरुआत के लिए डॉ मंदार शाह की सराहना की. रिवाइव हार्ट फाउंडेशन के होली फैमिली हॉस्पिटल की ऑपरेशन हेड सुमैया राघवन, जिन्होंने सीपीआर ट्रेनिंग में महारत हासिल की साथ ही, 5 लाख लोगों को सीपीआर देने के लिए प्रशिक्षित किया है, सीपीआर टेक्नीक का प्रदर्शन कर दर्शकों को सीपीआर करने का तरीका बताया और एईडी मशीन का उपयोग करने के तरीके का प्रदर्शन किया. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर प्रमुख वक्ताओं में टाटा स्टील मेडिकल सर्विसेज की जीएम डॉ विनीता सिंह ने भी अपने विचार साझा किए और इस मुहिम में टाटा स्टील एव टाटा मेन हॉस्पिटल की भागीदारी के बारे में बताया. रोटेरियन निकिता मेहता एवं दीपक डोकानिया ने बताया कि जमशेदपुर के कई प्रतिष्ठित नागरिक और संस्थान ने एईडी मशीन देने की पहल की है और 100 मशीनों के लिए अपील की और वहां उपस्थित दर्शकों ने सहयोग किया और 50 मशीनों का योगदान किया. इस पहल को एक्सएलआरआइ, आइजीएमए-ऑइकोस, आइ केयर, रिवाइव हार्ट फाउंडेशन तथा रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 के जमशेदपुर के सभी रोटरी क्लबों का सहयोग प्राप्त है. जमशेदपुर के सभी रोटरी क्लबों की सहभागिता से हुई यह पहल नागरिकों को हृदय संबंधी आपात स्थितियों के प्रति जागरूक करने और उन्हें जीवन बचाने के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. (नीचे भी पढ़ें)
इस पहल की मुख्य टीम में जमशेदपुर के रोटरी क्लबों के गणमान्य सदस्यों के साथ ही जमशेदपुर की कई अन्य प्रतिष्ठित हस्तियां भी शामिल हैं. सभी ने इस जन हितकारी पहल को सफल बनाने तथा शहर में जीवन रक्षक जागरूकता बढ़ाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई.





