जमशेदपुर : जमशेदपुर जिला परिषद् सदस्य कुसुम पुर्ती ने एसएसपी को एक ज्ञापन सौंप कर घाटशिला थाना प्रभारी मधुसूदन डे के खिलाफ जन प्रतिनिधियों के साथ दुर्व्यवहार करने, गालीगलौज एवं धक्कामुक्की करने एवं गलत नीयत से छूने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है. जिला पार्षद् के अनुसार वह जिला परिषद् अध्यक्ष बारी मुर्मू के नेतृत्व में अन्य पार्षदों के साथ पुलिस द्वारा जिला पार्षद करन सिंह की गिरफ्तारी का कारण जानने के लिए घाटशिला थाना गई थीं, जहां थाना प्रभारी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया. (नीचे भई पढ़ें)
थाना प्रभारी की जन प्रतिनिधियों के साथ अभद्रता से आक्रोशित जिला परिषद् अध्यक्ष बारी मुर्मू के नेतृत्व में एसएसपी कार्यालय पहुंचे जिला पार्षदों के दल ने एसएसपी को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि वे लोग आज जिला पार्षद करन सिंह की गिरफ्तारी का कारण जानने घाटशिला थाना पहुंचे थे. करन सिंह की गिरफ्तारी का कारण पूछने पर थाना प्रभारी मधुसूदन डे भड़क गए एवं उनके साथ गए सभी जन प्रतिनिधियों के साथ न सिर्फ दुर्व्यवहार किया, बल्कि गाली-गलौज और धक्कामुक्की भी किया एवं उन्हें गलत नीयत से छुआ भी. कुसुम पुर्ती ने बताया कि जिला परिषद् सदस्य करन सिंह को झूठे मामले में गिरफ्तार किया गया है. करन सिंह ने डीडीसी के आदेश पर अवैध भवन निर्माण का काम रोकवाया था. उन्होंने आरोप लगाया कि घाटशिला पुलिस ने बिल्डर के बहकावे में आकर उन्हें गिरफ्तार किया है. कुसुम पुर्ती के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंचीं जिला पर्षद् अध्यक्ष बारी मुर्मू, कविता परमार समेत अन्य महिला एवं पुरुष पार्षदों ने एसएसपी से इस मामले में थाना प्रभारी मधुसूदन डे के खिलाफ उचित कार्रवाई किये जाने की मांग की है.



