जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना अंतर्गत अनंतनगर की रहने वाली त्रिशाला पाठक ने दिल्ली में अपने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ना और घर से निकाल देने का आरोप लगाया है. महिला ने बताया कि उसकी शादी 4 फरवरी 2024 को दिल्ली साधनगर-2 के रहने वाले सौरभ कुमार से शादी.कॉम वेबसाइट के माध्यम से हुई थी. शादी के बाद त्रिशाला दिल्ली चली गई, जहां शुरूआत में सब कुछ सामान्य रहा. लेकिन कुछ ही महीनों के भीतर ससुरालवालों का व्यवहार बदल गया और उस पर दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से अत्याचार शुरू हो गया.महिला ने पति सौरभ कुमार के अलावा ससुर जयशंकर, सास रिंबू झा, ननद दीक्षा कुमारी और एक अन्य व्यक्ति तरूण सिंह को भी नामजद आरोपी बनाया है. (नीचे भी पढे)
सभी आरोपी मूल रूप से बिहार के बेगूसराय जिले के पीपरा स्थित निराला नगर डीजी कॉलोनी के निवासी हैं, जो वर्तमान में दिल्ली के साधनगर-2 में रहते हैं. महिला के अनुसार, शादी के कुछ ही दिनों बाद ससुराल पक्ष ने 2 लाख रुपये दहेज की मांग की. मायके वालों ने यह रकम सौरभ कुमार के खाते में ट्रांसफर कर दी. रकम मिलने के बावजूद त्रिशाला को राहत नहीं मिली, बल्कि ससुराल वालों का लालच और बढ़ गया. इसके बाद एक बार फिर 10 लाख रुपये की मांग की गई जब त्रिशाला के मायके पक्ष ने यह रकम देने में असमर्थता जताई, तो ससुराल वालों ने दबाव बनाना शुरू कर दिया कि वे गोविंदपुर स्थित मकान बेचकर रकम दें और दिल्ली में बस जाएं. त्रिशाला के इनकार पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा और अंतत घर से निकाल दिया गया. त्रिशाला ने इस पूरे मामले को लेकर थाने में आवेदन दिया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई है.


