जमशेदपुर : ‘जमशेदपुर भोजपुरी साहित्य परिषद्’ द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष बुधवार, 21 मई को स्थानीय तुलसी भवन में “डॉ रसिक बिहारी ओझा ‘ निर्भीक’ जयंती समारोह” आयोजित किया जाएगा. इस अवसर पर भोजपुरी के ख्यातिलब्ध साहित्यकार एवं ‘अखिल भारतीय भोजपुरी साहित्य सम्मेलन’ प्रवर समिति के पूर्व सदस्य डॉ सुनील कुमार पाठक (पटना) को “डॉ निर्भीक स्मृति सम्मान – 2025” प्रदान किया जाएगा. इसके अन्तर्गत पुरस्कृत विद्वान को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न, श्रीफल, एवं नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
डॉ पाठक बिहार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में उप निदेशक के पद पर कार्यरत हैं. उन्होंने हिन्दी एवं भोजपुरी दोनों भाषाओं में समान रूप से आलोचना व समीक्षा के क्षेत्र में गरिमा पूर्ण पहचान बनाई है. डॉ पाठक को पुरस्कार प्रदान करने का निर्णय मंगलवार को तुलसी भवन में परिषद् की कोर कमेटी की आयोजित बैठक में लिया गया. उक्त जानकारी जमशेदपुर भोजपुरी साहित्य परिषद् के अध्यक्ष प्रसेनजित तिवारी ने दी है.



