जमशेदपुर : जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति की वार्षिक आमसभा की बैठक सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में संपन्न हुई. बैठक में शहर की 327 दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया. बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय समिति के अध्यक्ष अचिंतम गुप्ता ने की. मंच का संचालन महामंत्री आशुतोष सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने किया. बैठक में केंद्रीय समिति का वार्षिक प्रतिवेदन कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने सभा पटल पर प्रस्तुत किया गया. इसके पश्चात विगत वर्ष का आय-व्यय का ब्यौरा ओम्यो ओझा प्रस्तुत किया गया, जिसे सभा ने सर्वसम्मति से पारित किया। वहीं ऑडिट रिपोर्ट प्रदीप कुमार दास के द्वारा सभा के समक्ष प्रस्तुत की गई. बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष दुर्गा पूजा महोत्सव 11 अक्टूबर से प्रारंभ होगा तथा 21 अक्टूबर को भव्य शोभायात्रा के साथ विसर्जन की जाएगी. पिछले वर्षों की परंपरा के अनुसार शंख ध्वनि बजाकर मां दुर्गा के पूजा मंडपों का अनावरण किया जाएगा. बैठक में पिछले वर्ष की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई. प्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले वर्ष स्लैग की आपूर्ति बीच में ही बंद कर दी गई थी, वहीं अत्यधिक बारिश के कारण पूजा समितियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था. केंद्रीय समिति ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि इस वर्ष भी पूजा समितियों को आवश्यकतानुसार स्लैग की आपूर्ति नहीं की जाती है, तो पूरे वर्ष टाटा स्टील के स्लैग को जमशेदपुर क्षेत्र में कहीं भी गिराने नहीं दिया जाएगा. समिति ने संबंधित प्रबंधन एवं प्रशासन से समय रहते इस समस्या का समाधान करने की मांग की. (नीचे भी पढ़े)

इस वर्ष दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान पूजा समितियों द्वारा नशा मुक्ति अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है. पूजा पंडालों एवं आसपास के क्षेत्रों में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा. आमसभा में विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. इनमें मुख्य रूप से बर्मामाइंस गोलचक्कर एवं काशीडीह गोलचक्कर पर पूजा के दौरान होने वाली ट्रैफिक समस्या का समाधान करने की मांग, स्लैग रोड पर पर्याप्त लाइट की व्यवस्था करने की मांग, फ्लाईओवर निर्माण एवं उससे संबंधित कार्यों के कारण खराब हुई मुख्य सड़कों की अविलंब मरम्मत कराने की मांग, गांधी मैदान की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन द्वारा आवश्यक सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग, परसुडीह क्षेत्र में करंडीह दुर्गा पूजा समिति के सामने नाली का गंदा पानी बहने की समस्या का समाधान कराने की मांग, प्रतिनिधियों ने बताया कि वरीय अधिकारियों को बार-बार जानकारी देने के बावजूद समस्या का स्थायी निदान नहीं हुआ है. लोको कॉलोनी दुर्गा पूजा समिति द्वारा रेलवे के स्लीपर हटाने की मांग भी सभा में रखी गई. उपरोक्त सभी समस्याओं को जिला प्रशासन की ओर से बैठक में भाग लेने पहुंचे एडीएम लॉ एंड ऑर्डर मुकेश मछुआ ने ध्यानपूर्वक सुना और आश्वस्त किया. इन सभी समस्याओं का जिला के वरीय पदाधिकारी के साथ मिलकर निराकरण की जाएगी और साथ ही सभी पूजा समितियां से यह भी अपील किया कि आप सभी सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा को संपन्न कारण और प्रशासन अपनी जिम्मेदारी के प्रति मुस्तैद रहेगा.(नीचे भी पढ़े)

बैठक में केंद्रीय समिति ने प्रशासन, टाटा स्टील, रेलवे एवं संबंधित विभागों से पूजा समितियों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान करने की मांग की, ताकि शहर में दुर्गा पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं भव्य रूप से संपन्न हो सके. बैठक में केंद्रीय दुर्गा पूजा कमेटी के मुख्य संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, दिनेश कुमार, बृजभूषण सिंह, रविंद्र झा, भीष्म सिंह, शिव शंकर सिंह विजय, विजय वर्धा, विष्णु महानंदा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिवाकर सिंह, अशोक सिन्हा, गौतम प्रताप, परमात्मा मिश्रा, चमनदीप गिल, असीत चक्रवर्ती, नंदलाल सिंह, देवाशीष नाहा, धर्मेंद्र प्रसाद, इन्द्रजीत, शौभिक, अजय शर्मा, ततेंद्र, ओमियो ओझा, सुरजीत चौधरी, पीएस माथुर, आरपी सिंह, मनीष कुमार, हर्ष नायडू, शंभू मुखी, अर्जुन शर्मा, सुनील सिंह, राजीव सिंह, बबन शुक्ला एवं जमशेदपुर की सभी पूजा समितियों के अध्यक्ष, महामंत्री एवं पदाधिकारी उपस्थित थे. जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति ने सभी पूजा समितियों से आपसी समन्वय एवं सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा महोत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया.







