चांडिल : चौका थाना क्षेत्र में विवादास्पद परिस्थिति में हुई राम विकास महतो की मौत के मामले में पुलिस ने अप्राथमिकी अभियुक्त फूलचंद मांझी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. परिजनों ने युवक की मौत पर हत्या की आशंका जताई थी. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस के अनुसार, अनुसंधान के दौरान आरोपी फूलचंद मांझी ने स्वीकार किया कि खेत से प्रतिदिन खीरा चोरी होने के कारण उसने लोहे के तार से खेत की घेराबंदी कर उसमें बिजली प्रवाहित कर दी थी, ताकि चोरी करने वाला करंट की चपेट में आ जाए. सुबह खेत में राम विकास महतो 52, को मृत पाया गया। इसके बाद आरोपी ने बिजली प्रवाहित लोहे के तार को हटाकर घर में रख दिया था. पुलिस ने उक्त तार को बरामद कर जब्त कर लिया है. मामले में चौका थाना में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर कार्रवाई करते हुए उक्त गिरफ्तारी की गई है.





