
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना अंतर्गत जोन नम्बर तीन के बारीडीह- टेल्को लिंक रोड पर हीरो शोरूम के समीप गुरुवार तड़के हाई टेंशन का पोल तार सहित अचानक गिर गया. वहीं पोल के गिरते ही अफरातफरी मच गई. वैसे ऊपरवाले का लाख लाख शुक्र है कि जिस वक्त यह घटना घटी उस वक्त सड़क पर आवागमन नहीं के बराबर थी नहीं तो एक बड़ा हादसा हो सकता था.

वैसे स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घटना की सूचना बिजली विभाग को दी इसके बाद लाइन डिस्कनेक्ट किया गया. बताया जाता है कि 11000 का तार इस खंभे से गुजरता है जिसके बेहद ही जर्जर अवस्था में होने के कारण आज यह स्थिति उत्पन्न हुई. फिलहाल बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए हैं और तार को फिर से जोड़ने में जुटे हुए हैं. वैसे स्कूल आने जाने वाले छात्र-छात्राओं के साथ आम लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.







