जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर के प्रख्यात युवा लेखक अंशुमन भगत की लोकप्रिय पुस्तक ‘एक सफर में’ अब डीबीएमएस कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन के पुस्तकालय का हिस्सा बन गई है. इस विशेष अवसर पर कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ जूही समर्पिता ने स्वयं इस पुस्तक को प्राप्त किया और इसे पुस्तकालय के संग्रह में शामिल करने की घोषणा की. अंशुमन भगत ने इसे अपने लेखन जीवन का एक अविस्मरणीय क्षण बताया. उन्होंने कहा – ‘किसी लेखक के लिए सबसे बड़ा सम्मान यह है कि उसकी लिखी हुई पुस्तक विद्यार्थियों तक पहुंचे और उन्हें न केवल पढ़ाई में बल्कि जीवन को समझने और प्रेरणा लेने में भी सहायक बने. आज मेरी पुस्तक ‘एक सफर में’ का डीबीएमएस कॉलेज की लाइब्रेरी में पहुंचना मेरे लिए गर्व और आनंद का विषय है. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि अंशुमन भगत ने अब तक हिंदी साहित्य में कई चर्चित और बेस्टसेलिंग किताबें लिखी हैं. उनकी सरल, सहज और गहरी लेखन शैली ने युवाओं और पाठकों को व्यापक रूप से प्रभावित किया है. ‘एक सफर में’ उनकी उसी लेखन यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो जीवन दर्शन और प्रेरणादायी विचारों पर आधारित है. लेखक ने इस मौके पर ऑथर्स ट्री पब्लिशिंग हाउस का भी विशेष आभार व्यक्त किया और कहा कि – इस सफर में लगातार मेरा साथ देने और मेरी किताबों को पाठकों तक पहुंचाने में ऑथर्स ट्री पब्लिशिंग ने जो भूमिका निभाई है, वह वाकई सराहनीय है.’ (नीचे भी पढ़ें)
डीबीएमएस कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन की प्रिंसिपल डॉ. जूही समर्पिता ने भी इस अवसर पर कहा कि – ‘हमारे पुस्तकालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को प्रेरित करने वाले साहित्य को भी शामिल करना है. अंशुमन भगत की पुस्तक ‘एक सफर में’ विद्यार्थियों को नई सोच और दिशा देगी.’














