चांडिल : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल के कपाली नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 में मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे दर्दनाक हादसा हुआ. डब्लू शैलून के आगे चालू बिजली का तार अचानक सड़क पर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक गाय की मौके पर ही मौत हो गयी. उसी समय सड़क से गुजर रहे कुछ लोग भी हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजली का तार काफी पुराना था और उसमें कई जगह जोड़ लगाए गए थे. तार के जर्जर होने की शिकायत पहले भी बिजली विभाग को दी गयी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यह हादसा कुछ देर बाद होता, जब सड़क पर भीड़ रहती, तो कई लोगों की जान जा सकती थी. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद लोगों ने बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद विभागीय कर्मी मौके पर पहुंचे और बिजली की सप्लाई बंद कर मरम्मत कार्य शुरू किया. मृत गाय के मालिक का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने कहा कि गाय उनके परिवार का हिस्सा थी. पूरे इलाके में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि कपाली क्षेत्र के सभी पुराने और जर्जर तारों की जांच कर उन्हें जल्द बदला जाए, साथ ही मृत गाय के मालिक को मुआवजा देने की भी मांग की गयी है.














