जमशेदपुर : मुहर्रम पर्व के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बुधवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया. पूर्वी सिंहभूम के सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के कुम्हारपाड़ा, स्लैग रोड तथा बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के ट्यूब गेट और हरिजन बस्ती में विभिन्न संदिग्ध बिक्री केंद्रों पर कार्रवाई की गयी. छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने कुल 27.75 लीटर अवैध विदेशी शराब और 106.5 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की. (नीचे भी पढ़ें)

अधिकारियों के अनुसार बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित ट्यूब गेट हरिजन बस्ती में संचालित एक बिक्री केंद्र से सुशांत मुखी को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से 7.5 लीटर विदेशी शराब तथा 30 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गयी. (नीचे भी पढ़ें)
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. वहीं, अन्य अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिले में लगातार निगरानी रखी जा रही है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा.







